सहारनपुर , जून 6 -- कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पेपर लीक की घटनाओं और बढ़ती महंगाई के विरोध में सहारनपुर में मोटरसाइकिल रैली निकालकर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता जिला कांग्रेस मुख्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद मोटर साइकिलों पर सवार होकर उन्होंने शहर में रैली निकाली। रैली रेलवे स्टेशन, कचहरी पुल और कोर्ट रोड से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और प्रदर्शन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों, महंगाई और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की गई। कार्यकर्ताओं ने विभिन्न नारों के माध्यम से पेपर लीक और बढ़ती कीमतों के मुद्दे को उठाया।

जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि यह प्रदर्शन छात्रों के हितों और आम जनता पर बढ़ती महंगाई के बोझ के विरोध में आयोजित किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी विवादों से लाखों छात्रों का मनोबल प्रभावित हुआ है और इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि घरेलू और वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों तथा पेट्रोल-डीजल की महंगाई ने आम लोगों के बजट पर अतिरिक्त दबाव डाला है। राणा ने दावा किया कि बढ़ती महंगाई का असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े विषयों को सड़क से लेकर संसद तक उठाया जाएगा।

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपते हुए महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विवादों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित