राजनांदगांव , अगस्त 21 -- छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिले की सोमनी पुलिस ने पेपर कप निर्माण मशीन और कच्चा माल उपलब्ध कराने के नाम पर 1.81 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक अंतर्राज्यीय आरोपी को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 1,70,000 रुपये नगद जब्त किए गए हैं।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित ने सोमनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि जनवरी 2024 में 'श्री श्याम इंडस्ट्रीज' जयपुर के संचालक बृजेश से 65 एमएल पेपर कप निर्माण मशीन तथा कच्चे माल की आपूर्ति का सौदा तय हुआ था। इसके बाद पीड़ित ने कच्चे माल के लिए 1,81,000 रुपये का अग्रिम भुगतान आरोपी को किया था।
आरोप है कि मई 2024 में आरोपी ने सौदे के मुताबिक 65 एमएल क्षमता की मशीन भेजने के बजाय 50 एमएल क्षमता की मशीन भेज दी। इसके साथ ही तय कच्चा माल भी उपलब्ध नहीं कराया गया। पीड़ित ने मशीन बदलकर निर्धारित क्षमता की मशीन देने अथवा भुगतान की गई रकम लौटाने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने इससे इनकार कर दिया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद सोमनी पुलिस ने धारा 420 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन जयपुर में मिलने पर पुलिस टीम राजस्थान रवाना की गई।
पुलिस ने जयपुर में घेराबंदी कर आरोपी बृजेश जिंजवारिया (26) निवासी टोड़ी, थाना मनोहरपुर, जिला जयपुर) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 1,70,000 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित