, July 28 -- भाजपा के अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों से सीधे जुड़े हुए हैं। उन्होंने छात्र आंदोलन को लेकर वीडियो पोस्ट किया तो उसके करोडों लोगों ने देखा और दूसरा वीडियो डाला तो दोनों वीडियो को 21 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा है। यह श्री मोदी की लोकप्रियता का सबसे बड़ा प्रमाण है। विपक्ष ने लोकप्रियता शब्द पर टोकाटोकी की तो उन्होंने कहा कि यदि श्री मोदी लोकप्रिय नहीं होते तो वह तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री नहीं बनते।

श्री ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने देश में नक्सलवाद को खत्म किया है और अब सरकार का लक्ष्य देश से पेपरलीक की समस्या को खत्म करना है और इस दिशा में यह विधेयक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि पेपरलीक सबसे बड़ी समस्या है और इस संकट का समाधान उनकी सरकार इस विधेयक के जरिए मजबूती से कर रही है और शिक्षा के क्षेत्र में उन सब सुधारों को आगे बढाएगी जो युवाओं के हित में है।

भाजपा नेता ने कांग्रेस शासन में हुए पेपरलीक की घटनाओं की लंबी सूची गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस के पांच साल के समय में 19 परीक्षाएं हुई जिनमें 17 पेपरलीक हुए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है लेकिन वहां स्कूल बंद हो रहे हैं और घोटाले लगातार हो रहे हैँ। कांग्रेस सरकार ने पूरे हिमाचल प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया है। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस सरकार के 2004 से 2014 तक का ही हिसाब दे रहे हैं और इससे कांग्रेस तिलमिला गई है लेकिन कांग्रेस तो कई दशकों तक देश में शासन करती रही है और उसके घोटालों की लिस्ट बहुत लंबी है जिसे गिनाया नहीं जा सकता है।

उन्होंने हाल में हुए नीट पेपरलीक को लेकर स्पष्ट किया कि पेपरलीक का मामला सामने आने के बाद सरकार ने बहुत तेजी से काम किया और इसके लिए तत्काल पुन: परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की। उनका कहना था कि यह कठिन काम था इसलिए सरकार को इसके लिए बहुत बड़ी सुरक्षा व्यवस्था करनी पड़ी। यह परीक्षा 13 भाषाओं में हुई जिसकी निगरानी के लिए एक लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गये, सैकड़ों कर्मचारी सीसीटीवी को देख रहे थे, एम्बुलेंस की व्यवस्था थी और रिकार्ड 37 दिन में यह परीक्षा पेपरलीक के बाद दोबारा कराई गई और इस परीक्षा का रिजल्ट भी 25 दिन में घोषित कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित