भिण्ड , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के बजरंगगढ़ अकोड़ा गांव में 11 जनवरी को पेड़ से लटकी मिली सुखबीर बघेल की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। प्रारंभिक जांच में जिसे आत्महत्या माना जा रहा था, वह मामला अब हत्या का निकला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों और मारपीट की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 55 वर्षीय सुखबीर बघेल का शव गांव के पास बांध वाले खेत में एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला था। ऊमरी थाना पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मृतक के सिर, हाथ और पैरों पर चोट के निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। परिजनों ने भी गांव के कुछ लोगों से पुराने विवाद की जानकारी पुलिस को दी थी।
संदेह के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सुखबीर की मौत फांसी लगने से नहीं, बल्कि मौत से पहले की गई बेरहमी से मारपीट, सिर में आई गंभीर चोटों और आंतरिक रक्तस्राव के कारण हुई थी। रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो गया कि आरोपियों ने पहले मारपीट कर उसकी हत्या की और फिर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ऊमरी थाना पुलिस ने मृतक के भाई सुरेश सिंह बघेल की शिकायत पर गांव के ही प्रदीप बघेल, हरनारायण बघेल, कमलेश बघेल और कुलदीप बघेल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित