सिरसा , जुलाई 30 -- हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने कहा कि पेड़ों के बिना मानव जीवन अधूरा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पौधों की देखभाल कर दूसरों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। वह चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) में राज्य स्तरीय वन महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण विषयक प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों तथा हरियाली बढ़ाने में योगदान देने वाले कर्मचारियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
देव कुमार शर्मा ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने वर्षा में सहायक होने तथा पशु-पक्षियों को आश्रय देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए इतिहास में दिए गए बलिदानों का उल्लेख करते हुए उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित