बैतूल , मई 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शेरगढ़ क्षेत्र में पेट दर्द से परेशान एक महिला की कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शेरगढ़ क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय शिवकली सुखराम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थी। परिजनों ने बताया कि वह लंबे समय से पेट दर्द की समस्या से परेशान थी और उसका उपचार भी चल रहा था।

गुरुवार को उसकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों की जांच के दौरान महिला द्वारा किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने की आशंका सामने आई।

डॉक्टरों ने महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतका की मां ने बताया कि शिवकली लंबे समय से अस्वस्थ थी और दर्द से परेशान रहती थी। महिला अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित