बैतूल , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम से जुड़े मामले में कोतवाली पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 19 जुलाई की रात ग्राम अखतवाड़ा खेड़ी स्थित शिव शक्ति सेल्स पेट्रोल पंप पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारी राजेश शेषकर के साथ पुरानी रंजिश के चलते अनुराग उर्फ अरुण मालवीय और उसके साथियों ने कथित रूप से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया, पेट्रोल पंप कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस इससे पहले मुख्य आरोपी अनुराग उर्फ अरुण मालवीय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।

जांच के दौरान पुलिस ने आकाश विश्वकर्मा (25) निवासी शंकर नगर, भग्गूढाना तथा अमन शाह (23) निवासी विनोबा नगर, भग्गूढाना को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित