यमुनानगर , सितंबर 25 -- हरियाणा में यमुनानगर के पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर जिले के सभीपेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पेट्रोल पंप संचालकों को उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं।

इसी कड़ी में थाना छप्पर प्रभारी प्रमोद वालिया ने आज क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधीमहत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।

बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने निर्देश दिये कि सभी पेट्रोल पंपों पर अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाये जाये। कैमरोंकी गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए, जिससे पेट्रोल पंप पर आने वाले वाहनों और लोगों की स्पष्ट तस्वीर रिकॉर्ड हो सके। कैमरों की स्थिति इस प्रकार रखी जाये कि पेट्रोल पंप के प्रवेश और निकास द्वार के साथ-साथ ईंधन भरवाने वाले वाहनों पर भी नजररखी जा सके।

उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य पेट्रोल पंपों पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी को बेहतर बनाना और किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस जांच में सहायता उपलब्ध कराना है।

थाना प्रभारी ने संचालकों को विशेष रूप से निर्देश दिये कि बिना नंबर प्लेट वाले किसी भी वाहन में पेट्रोल या डीजल न डाला जाये। संदिग्ध परिस्थितियों में आने वाले वाहनों के संबंध में तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए।

उन्होंने संचालकों से कहा कि पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों को नियमित रूप से चेक किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाये कि कैमरे हर समय सही तरीके से काम कर रहे हों। रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को फुटेज उपलब्ध कराई जा सके।

पुलिस ने कहा कि सुरक्षा संबंधी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और पुलिस व पेट्रोल पंप संचालकों के बीच बेहतर समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित