श्रीगंगानगर , मई 26 -- राजस्थान कांग्रेस के आह्वान पर श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में ब्लॉक कांग्रेस समिति ने पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के मूल्य में लगातार वृद्धि, रसद विभाग द्वारा डीजल-पेट्रोल बिक्री के लिए जारी अव्यावहारिक आदेश वापस लेने एवं न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सभी किसानों की गेहूं खरीद को सुनिश्चित करने की मांग को लेकर उपखंड कार्यालय पर आज प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं शुक्र विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष राकेश ठोलिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर दिये गये ज्ञापन में कहा गया है कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार वृद्धि की जा रही है, जिससे आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है। किसानों के गेहूं की एमएसपी पर खरीद को लेकर सरकार द्वारा कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गयी है।
श्री ठोलिया ने कहा कि डीजल की कमी के चलते किसानों को खेती कार्य में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में डीजल की कमी के मद्देनजर पेट्रोल पंप संचालकों को केवल वाहनों की टंकी में ही डीजल भरने के निर्देश दिये गये हैं। किसानों के लिए यह नियम एक बड़ी चुनौती बन गया है। ट्रैक्टर की टंकी की क्षमता मात्र 35-40 लीटर होती है, जो खेत की जुताई और बुआई के लिए अपर्याप्त है। श्री ठोलिया ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों को रियायत दी जाये। किसानों को कृषि कार्य के लिए गैलन अथवा ड्रम में डीजल ले जाने की अनुमति प्रदान की जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित