रांची , मई 16 -- झारखंड की राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आज भाकपा माले ने जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन से पूर्व महेंद्र सिंह भवन,काली मंदिर मेन रोड स्थित भाकपा माले राज्य कार्यालय से मार्च निकाला गया, जो अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारे लगाए -"पेट्रोल-डीजल-गैस की किल्लत के कौन है जिम्मेवार - मोदी सरकार, मोदी सरकार", "पेट्रोल-डीजल-गैस सस्ती दरों में मुहैया कराओ", "महंगाई पर रोक लगाओ", "अमेरिका-इजराइल कॉरपोरेटपरस्त नीति मुर्दाबाद" आदि।

सभा को संबोधित करते हुए राज्य सचिव मनोज भक्त ने कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर जनता के साथ धोखा किया है। चुनाव के दौरान कीमतों को नियंत्रित रखा गया और चुनाव खत्म होते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया।

श्री भक्त ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री जनता को संयम और बचत का उपदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार करोड़ों रुपये विशेष विमानों, बड़े-बड़े काफिलों और चुनावी प्रचार पर खर्च कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल सस्ता नहीं किया गया और तेल कंपनियों को मुनाफा पहुंचाने के लिए जनता से लगातार लूट की जा रही है।

भाकपा माले ने मांग की कि पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए तथा महंगाई पर रोक लगाई जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जनता पर इसी तरह महंगाई का बोझ डालती रही तो व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।

मौके पर, अनंत प्रसाद गुप्ता, मोहन दत्ता, आरएन सिंह, नंदिता भट्टाचार्य, त्रिलोकी नाथ, गौतम सिंह मुंडा,कुमार वरुण, सुशीला तिग्गा, आकाश रंजन, सारिका टूटू, गुरुवा मुंडा, सरफराज अंसारी, शांति सेन, विजय कुमार, भीम साहू, अलमा खलखो, आर्यन हरो, जगरनाथ उरांव, ऐति तिर्की, सोनाली केवट सुदामा, खलखो सहित कई लोग मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित