सहारनपुर , मई 23 -- सहारनपुर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संदीप राणा ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बीते दस दिनों के दौरान लगभग पांच रुपये प्रति लीटर की वृद्धि पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे महंगाई और बढ़ेगी तथा गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए जीवन यापन करना और कठिन हो जाएगा। श्री राणा ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि मध्य-पूर्व एशिया में जारी युद्ध की आड़ में पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में की जा रही लगातार वृद्धि देश में महंगाई को आसमान पर पहुंचा देगी। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे गरीब और मध्यम वर्गीय नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी इससे गंभीर रूप से प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को गरीबों और मध्यम वर्गीय परिवारों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपने फैसलों पर पुनर्विचार करना चाहिए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि मध्य-पूर्व एशिया में संघर्ष पिछले ढाई महीने से जारी है और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मार्च में ही इस स्थिति को लेकर सरकार को आगाह किया था। उस समय सरकार ने कांग्रेस और राहुल गांधी के बयानों को दुष्प्रचार बताया था।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद अचानक ऐसी कौन सी परिस्थिति उत्पन्न हो गई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आर्थिक संकट दिखाई देने लगा और ऊर्जा उत्पादों के दाम तेजी से बढ़ने लगे।

संदीप राणा ने आरोप लगाया कि यदि सरकार ने मार्च में ही समय रहते सकारात्मक और देशहित में निर्णय लिए होते तो वर्तमान परिस्थितियों को काफी हद तक टाला जा सकता था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2008 की वैश्विक मंदी के दौरान तत्कालीन सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को संकट से बचाने का काम किया था।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा ने बढ़ती महंगाई को जनता के साथ धोखा बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार आर्थिक और विदेश नीति दोनों मोर्चों पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि आज की महंगाई सरकार की कमजोर विदेश नीति का परिणाम है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि पाकिस्तान, चीन और बांग्लादेश के मालवाहक जहाज हार्मोस क्षेत्र से बिना बाधा के आ-जा सकते हैं, तो भारतीय जहाजों को कठिनाइयों का सामना क्यों करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे सरकार की असफल और अमेरिका समर्थक विदेश नीति का परिणाम बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित