लखीमपुर खीरी , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने नागरिकों से अपील की कि वे केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल और डीजल खरीदें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सतत निगरानी और आमजन के सहयोग से ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है तथा सभी नागरिकों को बिना किसी समस्या के ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि तेल कंपनियों द्वारा जनपद में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है। उन्होंने कहा कि घबराहट में अनावश्यक भंडारण से ही कृत्रिम संकट की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी होती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी, अवैध भंडारण अथवा भ्रामक प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित