रायपुर , मार्च 28 -- पश्चिम एशिया में जारी तनाव के मद्देनज़र छत्तीसगढ़ सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता को लेकर स्थिति की समीक्षा की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार में किसी तरह की अफवाह न फैलने दी जाए और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए।
बैठक में प्रशासनिक और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ प्रमुख तेल कंपनियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी ने राज्य में ईंधन आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश नक्सलमुक्ति के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और यह एक ऐतिहासिक पड़ाव साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस विषय पर अमित शाह द्वारा 30 मार्च को लोकसभा में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित