फगवाड़ा , मई 28 -- पेट्रोल, डीजल और जरूरी वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को फगवाड़ा में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी मार्च' और साइकिल रैली निकालकर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

जिला कपूरथला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं फगवाड़ा विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ता जीटी रोड स्थित रेस्ट हाउस से इकट्ठा हुए और वहां से शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए बस स्टैंड तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान बैलगाड़ियों और साइकिलों का इस्तेमाल प्रतीकात्मक तौर पर किया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि बढ़ती ईंधन कीमतों ने देश को आर्थिक रूप से पीछे धकेल दिया है और आम लोगों की जिंदगी मुश्किल बना दी है।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों का फायदा केवल बड़े कॉरपोरेट घरानों को मिल रहा है, जबकि आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी खतरनाक स्तर तक पहुंच चुकी है, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए रोजमर्रा का खर्च चलाना कठिन हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोविड-19 महामारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद लोगों को राहत नहीं दी गई, बल्कि ईंधन पर टैक्स बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला गया।

श्री धालीवाल ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने घरेलू बजट को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है और आम परिवारों के लिए खाद्य सामग्री और ईंधन जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई और ईंधन कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाये तो कांग्रेस पार्टी अपना आंदोलन और तेज करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित