बैतूल , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में 34 वर्षीय महिला ने अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी मां-बेटी की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पाढर चौकी प्रभारी छत्रपाल धुर्वे ने बताया कि मुलताई थाना क्षेत्र के वलनी गांव निवासी संजना (34), पति कपिल, ने स्वयं और अपनी बेटी के शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। दोनों गंभीर रूप से झुलस गई थीं। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए पाढर अस्पताल में भर्ती कराया था।
पुलिस के अनुसार बेटी की बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि संजना ने गुरुवार को दम तोड़ दिया। दोनों शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जांच में ससुराल पक्ष द्वारा महिला को कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई है। मृतका के माता-पिता ने भी आरोप लगाया है कि संजना को कई दिनों से ससुराल पक्ष के लोग परेशान कर रहे थे। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के मुताबिक, महिला द्वारा सुसाइड नोट छोड़े जाने की जानकारी भी सामने आई है, लेकिन अब तक कोई नोट बरामद नहीं हुआ है। मुलताई थाना प्रभारी ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित