अलवर , जुलाई 11 -- राजस्थान में अलवर के सदर थाना क्षेत्र स्थित बुर्जा के नायरा पेट्रोल पंप पर शनिवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महज 800 रुपये के पेट्रोल के भुगतान को लेकर हुए विवाद में मोटर साइकिल पर सवार एक नकाबपोश बदमाश ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन को गोली मार दी। घायल सेल्समैन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
सूत्रों के अनुसार आरोपी युवक मोटर साइकिल पर पेट्रोल पंप पहुंचा और अपनी मोटर साइकिल में करीब 800 रुपये का पेट्रोल भरवाया। पेट्रोल भरने के बाद जब सेल्समैन सचिन ने उससे भुगतान मांगा तो युवक आनाकानी करने लगा। काफी देर तक समझाने के बावजूद उसने पैसे नहीं दिये। जब सेल्समैन ने भुगतान का दबाव बनाया तो आरोपी ने जेब से देशी पिस्तौल निकाला और सीधे उसके सीने पर गोली चला दी।
गोली लगते ही सचिन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इससे पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटर साइकिल लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करके सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल सचिन को तत्काल अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी करायी। जांच अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित