वाराणसी , मई 18 -- देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों के विरोध में सोमवार को जिला/महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला मुख्यालय के सामने कांग्रेसजनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की गई।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल रहे। कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन, खाद्य सामग्री, खेती-किसानी और दैनिक जरूरतों की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं, जिससे मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, छात्र एवं गरीब परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और जनविरोधी फैसलों के कारण देश की जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। पेट्रोलियम पदार्थों पर लगातार टैक्स बढ़ाकर सरकार जनता से जबरन वसूली कर रही है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद जनता को कोई राहत नहीं दी जा रही है। आज देश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

रसोई गैस से लेकर पेट्रोल-डीजल तक हर आवश्यक वस्तु आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी और जब तक मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस पार्टी सदैव जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं गरीब तबकों के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित