रियाद , मार्च 08 -- पड़ोसी देशों से माफ़ी मांगने वाले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान के बयान के सिर्फ एक दिन बाद फारस की खाड़ी के कई देशों में रविवार सुबह ड्रोन और मिसाइल हमलों की नयी लहर दर्ज की गयी, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

कुवैत की सेना ने कहा है कि कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ईंधन भंडारण क्षेत्र को "शत्रुतापूर्ण ड्रोन की लहर" ने निशाना बनाया। सेना के अनुसार वायु रक्षा प्रणालियों ने कई ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराया, लेकिन अवरोधन के दौरान गिरे मलबे से कुछ नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचा।

सरकारी मीडिया के अनुसार ड्रोन हमले में पब्लिक इंस्टीट्यूशन फॉर सोशल सिक्योरिटी की इमारत भी प्रभावित हुई। लगभग 22 मंजिला इस भवन में आग लगने की तस्वीरें सामने आई हैं लेकिन इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

इस बीच, कुवैत के बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के दो जवानों की रविवार सुबह "कर्तव्य निभाते समय" मौत हो गयी। यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटना हवाई अड्डे और सरकारी भवन पर हुए हमलों से जुड़ी है या नहीं।

सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने भी रविवार तड़के ड्रोन हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने कम से कम 21 ड्रोन को मार गिराया है।

बहरीन में गृह मंत्रालय ने बताया कि मिसाइलों के टुकड़े गिरने से एक विश्वविद्यालय की इमारत को नुकसान पहुंचा और तीन लोग घायल हुए। इसके अलावा एक समुद्री जल शोधन संयंत्र भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि देश की वायु रक्षा प्रणालियां रविवार सुबह एक संभावित मिसाइल खतरे का सामना कर रही थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित