हनुमानगढ़ , अप्रैल 10 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ के जिला कोषालय में पेंशनरों की समस्याओं के निवारण के लिए 13 अप्रैल को विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।

पेंशनभोगी लंबे समय से जन्मतिथि निर्धारण, नाम संशोधन, पेंशन संशोधन तथा बकाया एरियर भुगतान जैसी समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क कर रहे थे। इन शिकायतों में से कई मामलों का निस्तारण जिला स्तर पर ही संभव होने के कारण यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।

जिला कोषाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि शिविर को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा हैं, ताकि अधिक से अधिक पेंशनर इसमें अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें।

जन्मतिथि निर्धारण और पारिवारिक पेंशन संबंधी आवेदन पत्रों के निर्धारित प्रारूप पहले ही पेंशनर्स समाज को उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जिससे शिविर के दिन पेंशनर सीधे निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।

कोषालय के कर्मचारियों को भी मौके पर समाधान योग्य मामलों का तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिविर में प्राप्त परिवेदनाओं का पृथक संधारण कर कोषालय और जिला कार्यालय स्तर पर सतत समन्वय से कार्यवाही की जाएगी। शिविर में मौके पर निस्तारित न हो सकने वाले मामलों पर एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजनी होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित