कोटा , दिसम्बर 14 -- राजस्थान में पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में रेल पेंशनभोगी कर्मचारियों की पेंशन संबंधी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से 15 दिसम्बर को पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा।

कोटा मंडल के आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि यह पेंशन अदालत पूर्वाह्न 11 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित होगी। पेंशन अदालत की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा द्वारा की जाएगी। इस दौरान मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जो पेंशनभोगियों की शिकायतों और समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि रेल प्रशासन ने मंडल के सभी पेंशनभोगी कर्मचारियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी पेंशन से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिये पेंशन अदालत में उपस्थित होकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उनका शीघ्र निराकरण किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित