निवाड़ी , अक्टूबर 30 -- मध्यप्रदेश में निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में नगर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हाथ ठेले, अस्थायी दुकानें और सड़क किनारे रखा सामान हटवाया। इस कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में रोष है, वहीं कांग्रेस विधायक नितेंद्र सिंह ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विनीता जैन के नेतृत्व में फव्वारा तिराहा से तालाब तक तथा जेरोन रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे लगाए गए फल-फ्रूट के हाथ ठेले, अस्थायी दुकानें और दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया गया। प्रशासन के अनुसार अतिक्रमण के कारण मार्गों पर जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, पृथ्वीपुर थाना प्रभारी, पुलिस बल और नगर पालिका का अमला मौजूद रहा। प्रशासन ने व्यापारियों और हाथ ठेला संचालकों को सड़क तथा सार्वजनिक आवागमन के रास्तों पर सामान नहीं रखने और दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी।

विधायक नितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि व्यापारियों को पूर्व सूचना दिए बिना नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाया गया। उन्होंने कार्रवाई को त्योहारों के समय व्यापार प्रभावित करने वाला और व्यापारियों के प्रति द्वेषपूर्ण बताया। कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में भी नाराजगी देखी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित