नयी दिल्ली , जुलाई 11 -- ारतीय तीरंदाज पृथिका प्रदीप ने शनिवार को आर्चरी वर्ल्ड कप 2026 स्टेज-4 में कंपाउंड वर्ग में भारत के अभियान की अगुवाई करते हुए व्यक्तिगत कांस्य पदक और महिला टीम के साथ रजत पदक जीता। ये दोनों पदक आर्चरी वर्ल्ड कप में पृथिका प्रदीप के करियर के पहले पदक हैं।

महिला कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में पिछले साल ढाका एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली पृथिका प्रदीप ने कांस्य पदक मुकाबले में तुर्किये की हज़ाल बुरुन को 145-142 से हराकर पोडियम पर जगह बनाई।

इससे पहले सेमीफाइनल में पृथिका प्रदीप को मलेशिया की फातिन नुरफातेहाह मात सालेह के खिलाफ 144-142 से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक मुकाबला खेलना पड़ा।

एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता ज्योति सुरेखा वेन्नम चौथे राउंड में हज़ाल बुरुन से हारकर बाहर हो गईं। वहीं, चिकिथा तानिपार्थी तीसरे राउंड में और परनीत कौर दूसरे राउंड में प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।

इससे पहले भारतीय महिला कंपाउंड टीम की ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिथा तानिपार्थी और पृथिका प्रदीप की तिकड़ी ने फाइनल में कोलंबिया की सारा लोपेज़, अलेजांद्रा उस्कियानो और मरियाना रोड्रिगेज़ से 232-228 से हारकर रजत पदक अपने नाम किया।

शीर्ष वरीयता प्राप्त कोलंबिया ने फाइनल के सभी चारों राउंड में बढ़त बनाए रखी और आराम से मुकाबला जीत लिया। क्वालिफिकेशन राउंड में भारतीय टीम 1024 अंकों के साथ सातवीं वरीयता पर रही थी।

एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाली भारतीय तिकड़ी ने फाइनल में पहुंचने से पहले डेनमार्क, मेजबान स्पेन और तीसरी वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरिया को हराया था।

इस बीच, साहिल जाधव, गणेश मणि रत्नम तिरुमुरु और कुशल दलाल की भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम कांस्य पदक से मामूली अंतर से चूक गई। कांस्य पदक मुकाबले में भारत को जर्मनी के खिलाफ 233-232 से हार का सामना करना पड़ा।

शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय टीम इससे पहले सेमीफाइनल में मैक्सिको के खिलाफ शूट-ऑफ में हार गई थी। वहीं, भारत का मिश्रित टीम अभियान भी क्वार्टर फाइनल में मैक्सिको के खिलाफ शूट-ऑफ में हार के साथ समाप्त हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित