समस्तीपुर , जुलाई 31 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ एग्री -बिजनेस एंड रूरल मैनेजमेंट के एमबीए एग्री-बिजनेस एवं एमबीए रूरल मैनेजमेंट सत्र 2024-26 के सभी छात्रों का शत- प्रतिशत कैंपस प्लेसमेंट होने पर शुक्रवार को छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. प्रेम लाल गौतम ने कहा कि कुलपति डॉ.पी.एस. पाण्डेय के नेतृत्व में डाँ. राजेंद्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय देश में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

श्री गौतम ने कहा कि पिछले चार वर्षों से लगातार एमबीए छात्रों का सौ प्रतिशत कैंपस प्लेसमेंट राष्ट्रीय स्तर पर एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय डिजिटल एग्रीकल्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में अनुसंधान के माध्यम से देश की कृषि व्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति डॉ. पी.एस. पाण्डेय ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने वाला संस्थान नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य का निर्माण करने वाला केंद्र है। उन्होंने कहा कि यहां छात्रों को उद्योग और देश की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाता है, जिसका परिणाम लगातार चार वर्षों से शत- प्रतिशत कैंपस प्लेसमेंट के रूप में सामने आया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूसा के छात्र एग्रीबिजनेस और रूरल मैनेजमेंट के क्षेत्र में देश की कृषि अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर स्कूल ऑफ एग्री-बिजनेस एंड रूरल मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. राम दत्त, विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. रमन कुमार त्रिवेदी, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.मयंक राय, शिक्षा निदेशक डॉ. उमाकांत बेहरा, अनुसंधान निदेशक डॉ. ए.के. सिंह, सूचना पदाधिकारी डॉ. कुमार राज्यवर्धन सहित अन्य वैज्ञानिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित