भिण्ड , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के मिहोना थाना प्रभारी टीआई विजय केन को पूर्व सैनिक के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के आरोप के बाद पुलिस अधीक्षक ने लाइन अटैच कर दिया है। इस घटना के बाद पूर्व सैनिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने थाने के बाहर प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष और रिटायर्ड सूबेदार मेजर राकेश सिंह कुशवाह के साथ कथित गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की घटना के विरोध में सैकड़ों पूर्व सैनिक मिहोना थाने के बाहर धरने पर बैठ गए थे। गुरुवार सुबह शुरू हुआ यह प्रदर्शन देर शाम तक जारी रहा, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।

आज भिण्ड, ग्वालियर और मुरैना जिलों से भी पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी और सदस्य मिहोना पहुंचे। करीब 200 से अधिक पूर्व सैनिक तिरंगा लेकर थाने के मुख्य द्वार के सामने बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान टीआई के खिलाफ नारे लगाए गए और उन्हें हटाने की मांग की गई।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। लहार, मिहोना और रौन थानों के प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। लहार एसडीएम विजय यादव और अटेर एसडीओपी रविंद्र वास्कले भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

पूर्व सैनिकों और पुलिस के बीच संभावित टकराव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए। भिण्ड से पुलिस बल के साथ आर्मी पुलिस फोर्स को भी ग्वालियर से बुलाया गया और थाने के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व सैनिकों ने चेतावनी दी कि यदि थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष रिटायर्ड सूबेदार मेजर राकेश सिंह कुशवाह ने कहा कि उन्हें पूर्व में गृह मंत्री द्वारा बेस्ट अचीवमेंट अवार्ड दिया जा चुका है, इसके बावजूद थाना प्रभारी द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होगी और वरिष्ठ अधिकारी माफी नहीं मांगेंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

मामले के संबंध में बताया गया है कि रिटायर्ड सूबेदार मेजर कुशवाह राष्ट्रीय राजमार्ग-719 के चौड़ीकरण की मांग को लेकर मेहगांव में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके गांव असलियत में कुछ लोगों द्वारा उनकी फसल काटी जा रही है। इस पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फसल काटने पहुंचे लोगों को रोक दिया।

इसके बाद कुशवाह शिकायत का आवेदन लेकर मिहोना थाने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान थाना प्रभारी विजय केन ने कथित रूप से नशे की हालत में उनके साथ गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की कर दी। इस घटना से नाराज होकर पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित