जालौन , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में गुरुवार को पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने स्वेच्छा से देहदान का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने देहदान की शपथ लेकर अपने संकल्प पत्र मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सौंपे।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि उनके पूरे सेवाकाल में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक रूप से स्वेच्छा से देहदान का संकल्प लिया है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन की सराहना की। इस अवसर पर जिले के शहीदों की वीरांगनाओं को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक कैप्टन अखिलेश नगायच ने कहा कि सैनिक जब सेना में भर्ती होता है, तभी से अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित कर देता है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की इच्छा है कि मृत्यु के बाद भी उनका शरीर देश और समाज के काम आए। उनके अनुसार देहदान से मेडिकल छात्रों की पढ़ाई और चिकित्सा अनुसंधान को सहायता मिलेगी तथा भविष्य में बेहतर चिकित्सकों के निर्माण में योगदान मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान कैप्टन अखिलेश नगायच, हवलदार संतराम तिवारी, हवलदार जगराम प्रजापति, हवलदार रामनारायण चतुर्वेदी, कैप्टन छेदा सिंह, हवलदार गोविंद सिंह कुशवाहा, हवलदार रामशरण शर्मा, हवलदार शिरोमणि कुमार, हवलदार मुनेश कुमार राठौर सहित कई पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने देहदान का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित