चंडीगढ़ , मई 27 -- पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कदम उठा रही है और इसी कड़ी में रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉर्पोरेशन (पेस्को) को और मजबूत किया जाये, जिससे पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर रोजगार और कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
पंजाब सिविल सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री भगत ने पेस्को की विभिन्न गतिविधियों और कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निगम को अधिक दक्षता और समर्पण के साथ काम करते हुए पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा करनी चाहिए और कल्याणकारी योजनाओं को समय पर लागू करना सुनिश्चित करना चाहिए।
बैठक के दौरान रक्षा सेवा कल्याण विभाग के प्रधान सचिव सुमेर सिंह गुर्जर, पेस्को के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल हरमनदीप सिंह और महाप्रबंधक (प्रशासन) एन.एस. घुम्मन ने मंत्री को निगम की विभिन्न योजनाओं और प्रशासनिक मामलों की जानकारी दी।
बैठक में वित्तीय प्रबंधन, कर्मचारियों के बीमा कवर, समय पर वेतन वितरण, सुरक्षा गार्डों के प्रशिक्षण, विभागीय संपत्तियों के रखरखाव, अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर तथा पुराने प्रशिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित