जालौन , अगस्त 5 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले के लगभग 200 पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। इस दौरान पूर्व सैनिकों की समस्याओं, पुलिस-पूर्व सैनिक समन्वय तथा कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि सेना और पुलिस दोनों का उद्देश्य देश और समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिले के सभी थानों में आयोजित होने वाली पीस कमेटी की बैठकों में पूर्व सैनिकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक कैप्टन अखिलेश नगायच ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने देश की सीमाओं पर समर्पण और ईमानदारी के साथ सेवा की है, इसलिए उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और पूर्व सैनिकों के बीच बेहतर समन्वय से कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
सम्मेलन के दौरान कैप्टन गजेंद्र सिंह राजावत ने पूर्व सैनिकों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच के बाद ही गिरफ्तारी की मांग उठाई। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह का सम्मान किया। वहीं, पूर्व सैनिक से जुड़े एक मामले में सराहनीय कार्य करने पर इंस्पेक्टर पप्पू सिंह को भी सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने घोषणा की कि प्रत्येक तीन माह में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, ताकि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का नियमित रूप से समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में पूर्व सैनिक सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
सम्मेलन में कैप्टन छेदा सिंह, नायब सूबेदार दिनेश कुमार निगम, हवलदार अनिल सिंह चौहान, हवलदार रामशरण शर्मा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित