चंडीगढ़ , अप्रैल 15 -- हरियाणा सरकार ने सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के सेवारत कर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान एवं मार्गदर्शन के लिए एक समर्पित कॉल सेंटर की स्थापना की है।

सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य शिकायतों का समय पर निवारण सुनिश्चित करना और सरकारी योजनाओं से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध कराना है। यह कॉल सेंटर एक संपर्क केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां लाभार्थियों को उनकी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विभिन्न सुविधाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह कदम सेवा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। कॉल सेंटर 20 मार्च 2026 से संचालित है और इससे 0172-5210277 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

यह सुविधा सोमवार से शनिवार सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक, सरकारी अवकाश छोड़कर, उपलब्ध रहेगी। सरकार ने सभी पात्र लाभार्थियों से इस सेवा का लाभ उठाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित