वाराणसी , अक्टूबर 03 -- पूर्व सीबीआई निदेशक एम. नागेश्वर राव ने शनिवार को सक्रिय राजनीति में प्रवेश की घोषणा करते हुए सर्वजन सनातन पार्टी (एसएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला।

भेलूपुर स्थित एक होटल में मीडिया से बातचीत में श्री राव ने कहा कि करीब चार दशक तक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और प्रशासन के क्षेत्र में कार्य करने के बाद अब वह अपने अनुभव का उपयोग राष्ट्र और समाज के व्यापक हित में करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि "सत्य सनातन, नित्य नूतन" केवल नारा नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा का मूल आधार है। सनातन केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, कर्तव्य, न्याय, करुणा और लोककल्याण की जीवन-दृष्टि है।

श्री राव ने कहा कि भारत को आधुनिकता, विज्ञान, तकनीक और आर्थिक विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन अपनी सभ्यता, संस्कृति, इतिहास और ज्ञान परंपराओं से जुड़े रहना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य अतीत में लौटना नहीं, बल्कि सभ्यतागत जड़ों पर खड़े होकर भविष्य के भारत का निर्माण करना है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सभ्यतागत पुनर्जुड़ाव को राष्ट्र के विकास के चार प्रमुख आधार बताया।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत तीर्थानंद, उपाध्यक्ष रितु राठौड़, महासचिव राजा सक्षम सिंह योगी, प्रवक्ता बबीता शर्मा, उत्तर प्रदेश प्रभारी राकेश तिवारी और संगठन मंत्री नरनारायण सिंह मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित