गयाजी, मई 25 -- गयाजी शहर के पीपरपाती मोहल्ले में ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पूर्व सांसद के मकान में रह रहे किरायेदार के कमरे से नकली एवं नशीली दवाएं बरामद की हैं।

इस मामले में पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ड्रग विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पीपरपाती मोहल्ला स्थित एक मकान में अवैध रूप से नकली और नशीली दवाओं का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध दवाएं बरामद की हैं।

अधिकारियों के मुताबिक बरामद दवाओं की जांच कराई जा रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि दवाएं नकली, प्रतिबंधित श्रेणी की या नशीले पदार्थों से जुड़ी हैं। हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ जारी है और पुलिस इस अवैध कारोबार के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.वही सहायक औषधि नियंत्रक विजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में नशे से संबंधित दवाएं बरामद हुई हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त ने बताया है कि दवाएं देवघर से लाकर यहां स्टोर की जाती थीं। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है, इसलिए फिलहाल सभी नामों का खुलासा नहीं किया जा सकता।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मकान पूर्व सांसद रंजीत सिंह उर्फ रंग सिंह का है, जो वर्ष 1980 में झारखंड के चतरा से कांग्रेस के टिकट पर सांसद चुने गए थे। पूर्व संसद का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित