बैतूल , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में पूर्व सरपंच के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से चोरी गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। हालांकि सोने-चांदी के जेवर और नकदी का अब तक पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार ग्राम आलमगढ़ निवासी पूर्व सरपंच बली राजेंद्र धुर्वे के घर गुरुवार तड़के अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी घर से करीब पांच से सात लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 30 हजार रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी हरिओम पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक किए जाने की सूचना पर पुलिस ने साइबर तकनीक की सहायता से उनकी लोकेशन गांव से लगे जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में ट्रेस की।
पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर जंगल से दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए। फोरेंसिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार चोरी गए जेवर और नकदी की तलाश जारी है। आशंका है कि आरोपी पीछा किए जाने के डर से मोबाइल फोन जंगल में फेंककर फरार हो गए। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी तथा संदिग्ध व्यक्तियों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित