कोटा, 28 नवम्बर (वार्ता) राजस्थान में कोटा में पूर्व विधायक विजय सिंह पलायथा का गुरुवार को निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे।
श्री पलायथा ने कोटा के स्टेशन रोड स्थित मोहन निवास में अंतिम सांस ली।
उनके पौत्र एवं वर्तमान सरपंच अनूप सिंह पलायथा ने शुक्रवार को बताया कि उनका अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव पलायथा में होगा। अंतिम यात्रा पूर्वाह्न 11 बजे पलायथा गढ़ पैलेस से प्रारंभ होकर क्षार बाग पहुंचेगी।
श्री पलायथा कम उम्र में ही जनसंघ से जुड़ गए थे और पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। वह एक बार दीगोद क्षेत्र से विधायक चुने गए और करीब 20 वर्ष तक अंता पंचायत समिति के प्रधान रहे। प्रधान रहते हुए उन्होंने कभी वेतन नहीं लिया। वह कहा करते थे, "राजकोष से पैसा कैसे ले सकता हूं।"श्री पलायथा का जन्म 1933 में हुआ था। उन्होंने सिंधिया स्कूल, ग्वालियर से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से कृषि विषय में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। उनका विवाह खंडेला की राजकुमारी सुशीला कुमारी से हुआ था। उनके दो पुत्र कुंवर प्रताप सिंह, कुंवर संजय सिंह और एक पुत्री स्मृति कुमारी हैं।
उनके निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शोक जताते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनका योगदान सराहनीय रहा है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्री बिरला ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकसंतप्त परिजनों एवं समर्थकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित