बड़वानी , मई 28 -- मध्यप्रदेश में बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र में पूर्व कांग्रेस विधायक ग्यारसीलाल रावत के वाहन पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेंधवा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अजय वाघमारे ने बताया कि पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। रावत ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह बुधवार देर रात अपने चालक के साथ सेंधवा से गृह ग्राम हिंगवा जा रहे थे। इसी दौरान मोहनपड़ावा गांव के समीप वन विभाग की नर्सरी के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उनके वाहन पर पथराव कर दिया।
पुलिस के अनुसार घटना में पूर्व विधायक को कोई चोट नहीं आई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम रात में ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। वाघमारे ने बताया कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में देर रात कभी-कभार पथराव की घटनाएं होती रहती हैं और पुलिस नियमित गश्त भी करती है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पूर्व विधायक को चिन्हित कर निशाना बनाया गया था या नहीं।
उधर, रावत के पुत्र राकेश रावत ने घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह सामान्य पथराव की घटना नहीं लगती और मामले में कुछ संदिग्ध प्रतीत होता है। उन्होंने 29 मई को वरला थाने के घेराव की घोषणा भी की है। गौरतलब है कि ग्यारसीलाल रावत कांग्रेस के टिकट पर वर्ष 1993, 1998 और 2018 में सेंधवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित