मधुबनी , जुलाई 20 -- पूर्व विधान पार्षद तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रो. विनोद कुमार सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

श्री सिंह ने मधुबनी जिला अतिथि गृह में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव केसी वेणुगोपाल को मेल के जरिए भेज दिया है।

पूर्व विधानपार्षद ने कहा कि वह एक साल पूर्व कांग्रेस में आये थे। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और पूर्व विधायक दल के नेता डा. शकील अहमद खान की ओर से टिकटों के बंटवारे में हुई अनियमितता के कारण पार्टी की दुर्दशा हुई थी और कांग्रेस प्रदेश में केवल छह सीटों पर सिमट गई थी।

श्री सिंह ने कहा कि बिहार में कांग्रेस की हालत क्षेत्रीय पार्टियों से भी कमजोर हो गई है। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी राष्ट्रीय महासचिव वेणु गोपाल को दी गई थी, लेकिन उनकी तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

पूर्व विधानपार्षद ने कहा कि अपने लोगों के साथ बैठक के बाद वह भविष्य का कोई निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बिहार ही नहीं देश में विकास पुरुष की छवि रही है और प्रदेश की वर्तमान सरकार उनके विकास कार्यों को आगे बढा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित