भागलपुर, अप्रैल 26 -- पूर्व रेलवे में मालदा मंडल के रामपुरहाट - मालदा रेलखंड पर रविवार को बेटिकट यात्रियों के विरुद्ध चलाए गये विशेष जांच अभियान के तहत कुल 442 लोगों को पकड़ा गया है।
मालदा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह ने आज बताया कि मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने हेतु रविवार को रामपुरहाट - मालदा रेलखंड पर विभिन्न एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाते हुए 441 बेटिकट लोगों को पकड़ा और उससे जुर्माने के रुप में कुल तीन लाख, 68 हजार,751 रुपए की राशि वसूल की गई है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में वाणिज्य विभाग के अधिकारी और टिकट जांच कर्मियों के साथ साथ रेलवे सुरक्षा बल तथा सरकारी रेल पुलिस की सहभागिता रही है। यह अभियान मालदा रेल मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर चलाया जा रहा है और इससे बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों की संख्या में कमी आ रही है, वहीं रेलवे के राजस्व में भी इजाफा हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित