रांची , जनवरी 27 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से विधायक चंपाई सोरेन मंगलवार को चाईबासा स्थित एमपी-एमएलए विशेष अदालत में उपस्थित हुए।
लगभग तीन दशक पुराने विस्फोट मामले में उनके विरुद्ध आरोप तय कर दिए गए। इसके साथ ही इस लंबे समय से लंबित मामले में औपचारिक रूप से न्यायिक सुनवाई (ट्रायल) की शुरुआत हो गई है। यह मामला वर्ष 1993 में झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा आहूत झारखंड बंद के दौरान कथित तौर पर विस्फोटक पदार्थों के इस्तेमाल से जुड़ा है। अदालत ने चंपाई सोरेन के साथ-साथ श्याम नंदन टुडू उर्फ डॉक्टर टुडू और अरुण महतो के विरुद्ध भी आरोप तय किए हैं।
अदालत ने अभियुक्तों पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धारा 4, 5 और 6 के साथ-साथ भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) और 201 (साक्ष्य नष्ट करना/छिपाना) के तहत आरोप निर्धारित किए। सुनवाई के दौरान चंपाई सोरेन अदालत में स्वयं उपस्थित हुए। उन्होंने सभी आरोपों से इनकार करते हुए खुद को निर्दोष बताया और मुकदमे का सामना करने की सहमति जताई।
मामले से जुड़े वरिष्ठ अधिवक्ता अमरेश साव ने बताया कि यह प्रकरण गम्हरिया थाना कांड संख्या 62/1993 के तहत दर्ज किया गया था। शुरुआती दौर में इस केस में कई लोगों को आरोपी बनाया गया था, लेकिन लंबे समय के दौरान अधिकांश आरोपियों का निधन हो चुका है। मृत आरोपियों में देव चरण गोस्वामी, डॉन, सोमय मोदी, जोगेश्वर टुडू, सनातन गोराई और देवपाल गोराई के नाम शामिल हैं। वर्तमान में केवल तीन अभियुक्त ही इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं।
अदालत ने आरोपी श्याम नंदन टुडू की पहले से मिली जमानत को बरकरार रखने का आदेश दिया। इससे पहले तकनीकी कारणों से जमानत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी, जिसे अब सेशन कोर्ट में मामला स्थानांतरित होने के बाद सुलझा लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 1993 को आयोजित झारखंड बंद के दौरान आंदोलन को उग्र रूप देने के उद्देश्य से कथित तौर पर विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। इसी घटना के आधार पर गम्हरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
आरोप तय होने के बाद अदालत ने अभियोजन पक्ष को निर्देश दिया है कि अगली सुनवाई तिथि पर अपने गवाहों को पेश किया जाए, ताकि साक्ष्य की प्रक्रिया आगे बढ़ सके और मामले की सुनवाई तेज़ी से आगे बढ़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित