गडचिरोली, एक सितंबर (वार्ता) पिछले साल पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने वाले पूर्व माओवादी नेता मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति को महाराष्ट्र के गडचिरोली जिले में आदिवासी अधिकारों और कल्याण के लिए काम करने हेतु गोंडवाना विश्वविद्यालय में नियुक्ति दी गयी है।

अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि भूपति को 30,000 रुपये के मासिक मानदेय पर तीन महीने की संविदा के तहत'एकल' कार्यक्रम के तहत समन्वयक नियुक्त किया गया है। वह वन अधिकार अधिनियम और पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम (पेसा के तहत लाभ सुरक्षित करने में आदिवासी समुदायों की सहायता करेंगे। वह ग्रामीणों और ग्राम सभाओं को वन-अधिकार दावों को तैयार करने व संसाधित करने, दस्तावेजों की कमियों को दूर करने और आदिवासी आबादी के लिए उपलब्ध कानूनी व संवैधानिक सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूकता फैलाने में मदद करेंगे।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कहा कि श्री भूपति जनजातीय अनुसंधान केंद्र में अनुसंधान गतिविधियों में भी योगदान देंगे और दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों में विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की निगरानी में सहायता करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित