हाजीपुर , अक्टूबर 21 -- ारतीय रेल की ओर से स्टेशन पर स्वच्छता से संबंधित विशेष अभियान-06 के अंतर्गत दिनांक 22 अक्टूबर, 2026 को देशभर के सभी रेलवे स्टेशनों पर एक दिवसीय 'रेल जन संवाद' का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित कर रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाना तथा बेहतर यात्री सुविधा के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस अभियान के तहत पूर्व मध्य रेल के सभी प्रमुख एवं अन्य स्टेशनों पर रेल जन संवाद आयोजित किया जाएगा। संवाद के दौरान यात्रियों, युवाओं एवं अन्य हितधारकों स्वच्छ रेल एवं बेहतर यात्री सुविधाओं जैसे टिकटिंग, कैटरिंग आदि से संबंधित सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए जाएंगे तथा शिकायतों एवं फीडबैक को संकलित कर उनकी समीक्षा की जाएगी और उनकेे समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यात्रियों को कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने, प्लास्टिक कचरे का उचित निस्तारण करने तथा रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

शिकायतों एवं फीडबैक को उनके स्वरूप के अनुसार तीन श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा - अल्पकालिक समस्याएं, जिनका त्वरित समाधान संभव है; मध्यम अवधि की समस्याएं, जिनके लिए संबंधित विभागों के समन्वय एवं नियोजित कार्रवाई की आवश्यकता है; तथा दीर्घकालिक समस्याएं, जिनके समाधान के लिए नीतिगत निर्णय, विस्तृत योजना अथवा उच्चाधिकारियों की स्वीकृति आवश्यक होगी।

अभियान की प्रभावी निगरानी एवं सफल क्रियान्वयन के लिए मुख्यालय, मंडल एवं संबंधित इकाइयों के स्तर पर नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। प्रमुख स्टेशनों पर वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में तथा अन्य स्टेशनों पर संबंधित शाखा अधिकारियों एवं स्टेशन प्रबंधकों के माध्यम से अभियान का संचालन और अनुवर्ती कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेल जन संवाद में सक्रिय में भागीदारी निभाएं तथा बेहतर यात्री सुविधाओं से जुड़े अपने सुझाव साझा करें। यात्रियों एवं रेलकर्मियों के सामूहिक प्रयासों से ही रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है। इस पहल से यात्रियों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने, रेलवे की सेवाओं में निरंतर सुधार लाने तथा यात्री संतुष्टि बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित