फिरोजाबाद , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना शिकोहाबाद पुलिस एवं अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने पूर्व मंत्री से कथित रूप से 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दंपत्ति को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वर्ष 2019 में आरोपित दंपत्ति ने पूर्व मंत्री के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के उपरांत पुलिस ने उक्त प्रकरण में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगा दी थी। आरोप है कि इसी दौरान दंपत्ति ने पूर्व मंत्री से 50 लाख रुपये वसूल किए और बाद में न्यायालय में शपथ पत्र देकर मामला वापस ले लिया। इसके पश्चात पूर्व मंत्री ने साक्ष्यों के आधार पर दंपत्ति के विरुद्ध ब्लैकमेल कर धन ऐंठने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
थाना शिकोहाबाद में वर्ष 2022 में आरोपित पिंकी पत्नी रायसिंह एवं रायसिंह उर्फ विशाल उर्फ कोठारी पुत्र जोर सिंह निवासी भूड़ गड्डा थाना एका (हाल निवासी हरदयाल एनक्लेव, शंभूनगर, शिकोहाबाद) के विरुद्ध धारा 388, 417, 420 एवं 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिन्हें शनिवार को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी अभियान में अपराध शाखा प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार, थाना प्रभारी अनुज कुमार, उपनिरीक्षक गुरुप्रसाद सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित