समाना/चंडीगढ़ , मई 16 -- पंजाब में बड़े राजनीतिक घटनाक्रम में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए।
समाना में आयोजित एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री रखड़ा , उनके परिवार और समर्थकों को पार्टी में शामिल कराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 मई पंजाब की राजनीति में एक महत्वपूर्ण दिन के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरजीत सिंह रखड़ा जैसी साफ-सुथरी छवि और जनसेवा के प्रति समर्पित शख्सियत का आप में शामिल होना पार्टी को मजबूती देगा।
श्री मान ने अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा कि जो नेता कभी 25 साल तक पंजाब पर राज करने का दावा करते थे, आज उनकी पार्टी में 25 लोग भी नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि बेअदबी मामलों और जनविरोधी राजनीति के कारण लोगों ने अकाली दल को पूरी तरह नकार दिया है।
उन्होंने कहा कि श्री रखड़ा ने लंबे समय तक अकाली दल के भीतर सुधार लाने की कोशिश की, लेकिन पार्टी गलत हाथों में चली गई। उन्होंने कहा कि पंजाब को दोबारा मजबूत बनाने के लिए अनुभवी और ईमानदार लोगों की जरूरत है।
श्री रखड़ा ने कहा कि उनका यह फैसला सीधे तौर पर बेअदबी के मुद्दे और भगवंत सरकार द्वारा पारित सख्त एंटी-बेअदबी कानून से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि वह पिछले डेढ़ साल से समाना मोर्चे पर जाते रहे, जहां गुरजीत सिंह खालसा 400 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर सख्त बेअदबी कानून की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। उन्हें हमेशा लगा कि ऐसा कानून जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री मान ने उनसे कहा था कि यदि सरकार सख्त बेअदबी कानून लाती है तो उन्हें पार्टी का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने वादा किया था कि कानून बनने के बाद वह बिना किसी हिचकिचाहट के आप में शामिल हो जाएंगे।
पूर्व मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी के कारण ऐसा कानून नहीं बना सकीं, जबकि भगवंत सरकार ने राज्यपाल की मंजूरी के बाद इसे लागू कर दिया। उन्होंने पंजाब में नहरों के पानी के विस्तार और जल संरक्षण को लेकर आप सरकार की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि पंजाब को रेगिस्तान बनने से बचाने और नहरी पानी के इस्तेमाल को बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदम भविष्य की पीढ़ियों के लिए उम्मीद की किरण हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित