पंतनगर , अगस्त 16 -- उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को पंतनगर स्थित एनेक्सी भवन में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर श्री जोशी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने विचारों, आदर्शों और राष्ट्रसेवा से देश के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन पर अमिट छाप छोड़ी। उनका पूरा जीवन राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि अटल जी ने लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और राष्ट्रीय एकता को हमेशा प्राथमिकता दी। प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि और कुशल प्रशासक के रूप में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को विकास की नई दिशा दी और मजबूत तथा आत्मनिर्भर भारत की नींव को सुदृढ़ किया। उनके विचार और आदर्श आज भी सभी को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित