नयी दिल्ली , दिसंबर 24 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय पर बुधवार को भारत रत्न से सम्मानित देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन कर उनके कृतित्व को याद किया गया।

इस अवसरपर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया और अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया। श्री नड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश को नई दिशा दी। उनका मूल्यों व आदर्शों पर आधारित जीवन हम करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए अनमोल धरोहर है। राष्ट्र के लिए उनका अनन्य समर्पण, गरीब कल्याण के सतत प्रयास व अद्वितीय संगठन कौशल सदैव हमारी प्रेरणा है।

इस अवसर पर पार्टी राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह, कार्यालय सचिव महेंद्र कुमार और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं भाजपा केंद्रीय कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित