नयी दिल्ली , जून 29 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष एवं स्वतंत्रता सेनानी मीर मुश्ताक अहमद की पुण्यतिथि पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी।
राजीव भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें नमन किया।
श्री यादव ने कहा कि मीर मुश्ताक अहमद स्वतंत्रता संग्राम के निर्भीक सेनानी, शिक्षाविद, समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश शासन के दौरान कनॉट प्लेस में राष्ट्रीय ध्वज फहराने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने 1940 के व्यक्तिगत सत्याग्रह और 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभायी।
श्री यादव ने कहा कि विभाजन के समय मीर मुश्ताक अहमद ने सांप्रदायिक सद्भाव को प्राथमिकता देते हुए भारत में रहने का निर्णय लिया। उन्होंने 1963 से 1966 तक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में नेतृत्व किया, 1966-67 में दिल्ली के पहले मुख्य कार्यकारी पार्षद रहे तथा 1972 से 1977 तक महानगर परिषद के अध्यक्ष रहे। उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए उन्होंने अंजुमन तामीर-ए-उर्दू की स्थापना भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित