वाशिंगटन , मार्च 19 -- अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) 'नेशनल काउंटर टेररिज्म सेंटर' के पूर्व प्रमुख जो केंट के खिलाफ गोपनीय खुफिया जानकारी लीक करने के आरोपों की जांच कर रही है। रिपोर्टों के अनुसार, यह जांच उनके इस सप्ताह दिए गए इस्तीफे से पहले ही शुरू हो गई थी।
सीबीएस न्यूज के सूत्रों के मुताबिक, एफबीआई का 'क्रिमिनल डिवीजन' इस मामले को देख रहा है। हालांकि, अभी तक लीक हुई जानकारी की प्रकृति के बारे में सार्वजनिक रूप से कोई विवरण साझा नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि श्री केंट, वरिष्ठ खुफिया अधिकारी रहे हैं। उन्हें 2025 में नेशनल काउंटर टेररिज्म सेंटर का नेतृत्व करने के लिए नियुक्त किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड के तहत भी अपनी सेवाएं दी हैं। श्री केंट ने ईरान के साथ युद्ध शुरू करने के प्रशासन के फैसले की खुलेआम आलोचना करने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने लिखा कि तेहरान से अमेरिका को "कोई तत्काल खतरा नहीं" था और वे एक ऐसे संघर्ष का समर्थन नहीं कर सकते जो बिना किसी स्पष्ट लाभ के अमेरिकी जीवन को जोखिम में डालता है।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि यह निर्णय बाहरी दबाव (इजरायल ) से प्रभावित था। उनका यह बयान प्रशासन के भीतर एक मतभेद को दर्शाता है। उनके इस्तीफे ने ट्रंप प्रशासन के भीतर ईरान युद्ध और उसके बढ़ते तनाव को लेकर गहरे आंतरिक विभाजन को उजागर कर दिया है।
उधर व्हाइट हाउस ने श्री केंट के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। प्रेस मामलों की मंत्री कैरोलिन लेविट ने उनके बयानों को "झूठा" करार देते हुए कहा कि खुफिया आकलन के अनुसार ईरान से वास्तविक खतरा होने की पुष्टि हुई थी।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्यक्तिगत रूप से श्री केंट की टिप्पणियों को खारिज करते हुए कहा कि वे "सुरक्षा के मामले में हमेशा से कमजोर" रहे हैं। उन्होंने ईरान पर हमलों का बचाव करते हुए कहा कि यह इस्लामिक गणराज्य निश्चित रूप से एक खतरा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित