भोपाल , मार्च 29 -- मध्यप्रदेश की एक पूर्व नर्सिंग छात्रा के नेपाल में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री बनने पर इसे नर्सिंग प्रोफेशन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए एनएसयूआई ने खुशी जताई है।
एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि मध्यप्रदेश से जुड़ी निशा मेहता का नेपाल सरकार में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बनना न केवल प्रदेश बल्कि वैश्विक स्तर पर नर्सिंग समुदाय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इसे नर्सिंग प्रोफेशन के लिए प्रेरणादायक क्षण बताया।
श्री परमार ने बताया कि निशा मेहता ने बीएससी नर्सिंग की शिक्षा एम्स दिल्ली से वर्ष 2006 से 2010 के बीच प्राप्त की और इसके बाद ग्वालियर के पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज ऑफ नर्सिंग से एमएससी नर्सिंग की उपाधि हासिल की। उन्होंने कहा कि उनकी यह उपलब्धि दर्शाती है कि नर्सिंग क्षेत्र केवल सेवा तक सीमित नहीं, बल्कि नेतृत्व और नीति-निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश के नर्सिंग विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द नेपाल जाकर निशा मेहता से सौजन्य भेंट करेगा और उन्हें प्रदेश आने का आमंत्रण देगा।
श्री परमार ने इस अवसर पर प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में नर्सिंग से जुड़े योग्य अधिकारियों को शीर्ष पदों पर पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने नर्सिंग कैडर को मजबूत करने और पदोन्नति प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि निशा मेहता की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं और नर्सिंग छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित