चेन्नई , सितंबर 27 -- तमिलनाडु के सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) ने रविवार को पूर्व राजमार्ग मंत्री और द्रमुक के वरिष्ठ नेता ए.वी. वेलु के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई उनके गृह जिले तिरुवन्नमलाई की मलप्पमपडी झील से अवैध बालू खनन के आरोपों में की गई है।
भ्रष्टाचार विरोधी संगठन 'अरप्पोर अय्यक्कम' ने डीवीएसी में शिकायत दर्ज कराई थी कि मलप्पमपडी झील से लगभग 8 करोड़ रुपये मूल्य की मिट्टी और बालू का अवैध खनन किया गया। संगठन ने 13 अगस्त को डीवीएसी का रुख करते हुए आरोप लगाया था कि द्रमुक के उत्तरी क्षेत्र के युवा विंग सम्मेलन के लिए मंच और स्थल को समतल करने के उद्देश्य से झील से मिट्टी निकाली गई थी। इस कार्यक्रम का समन्वय ए.वी. वेलु ने किया था। शिकायत के आधार पर डीवीएसी ने पूर्व मंत्री और उनके बेटे ए.वी. कुमारन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
उल्लेखनीय है कि सतर्कता एजेंसी वेलु, उनके बेटे और राजमार्ग विभाग के कई अधिकारियों के खिलाफ सड़क निर्माण अनुबंधों में करोड़ों रुपये की अनियमितताओं के आरोप में पहले से ही एक भ्रष्टाचार के मामले की जांच कर रही है। यह मामला 2022 में अरप्पोर अय्यक्कम के संयोजक जयराम वेंकटेशन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर आधारित था। उसमें आरोप लगाया गया था कि तिरुप्पुर, करूर और कांचीपुरम जैसे जिलों में 'व्यापक सड़क अवसंरचना विकास कार्यक्रम' के तहत बिना काम किए ही करोड़ों रुपये का भुगतान किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित