कोलकाता , अगस्त 14 -- पश्चिम बंगाल में आरजी कर अस्पताल दुष्कर्म और हत्याकांड में पीड़िता के अंतिम संस्कार में कथित गड़बड़ियों के मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं विधानसभा के पूर्व चीफ व्हिप निर्मल घोष की गिरफ्तारी के बाद खारदाह पुलिस थाने और बैरकपुर अदालत के बाहर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुआ तथा प्रदर्शनकारियों ने उन्हें थप्पड़ मारे और उन पर अंडे फेंके।
घोष की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सुबह से ही खारदाह पुलिस स्टेशन के बाहर भीड़ जुटने लगी। कुछ लोग डीजे संगीत पर नाचते और इस घटनाक्रम का जश्न मनाते दिखे। गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने घोष को थाने से बाहर निकालते समय सुरक्षा के कड़े इंतजामम किये। उन्हें हेलमेट पहनाया गया, लेकिन प्रदर्शनकारियों को उन पर अंडे फेंकने, थप्पड़ मारने और लात मारने से नहीं रोका जा सका। बाद में उन्हें भारी हंगामे के बीच बैरकपुर अदालत में पेश किया गया।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गत नॉ अगस्त को इस मामले की नयी जांच का आदेश दिया था। इसी दिन पीड़िता की मौत की दूसरी बरसी थी।
इस बीच पीड़िता के माता-पिता की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित