दुर्गापुर , जून 05 -- पश्चिम बंगाल के श्चिम बर्दवान जिले में आक्रोशित भीड़ ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय पर हमला किया और पुलिस की मौजूदगी में भारी मात्रा में सरकारी राहत का सामान बरामद किया।

बताया जाता है कि यह कार्यालय के पांडवेश्वर के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के नियंत्रण में है। भीड ने कटवा के पूर्व विधायक रवींद्रनाथ चटर्जी के कार्यालय पर भी हमला किया।

अधिकारियों ने बताया कि भीड़ पार्टी कार्यालय के सामने जमा हुई और मारपीट की आशंका को देखते हुए पुलिस भी जल्द ही वहां पहुंच गई। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का दरवाज़ा तोड़ दिया, जहां स्टोररूम में भारी मात्रा में तिरपाल, कपड़े, रेनकोट और तीन तरह के चावल तथा पांच तरह के अनाज रखे हुए थे।

भीड़ ने कार्यालय की पहली मंजिल पर भी छापा मारा, जहां से श्री चक्रवर्ती अपने एनजीओ 'त्रिनांकुर' का काम चलाते थे। महंगे फर्नीचर से सजे-धजे बेडरूम को देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। भीड़ को कमरे के अंदर से काफी मात्रा में कंडोम के पैकेट मिले।

श्री चक्रवर्ती ने हालांकि राहत सामग्री के अनधिकृत भंडारण के आरोपों से इनकार किया है। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने दावा किया "ये सब मनगढ़ंत और जानबूझकर प्लांट की गई चीजें हैं ताकि मुझे और मेरी पार्टी को बदनाम करने के लिए इनकी बरामदगी दिखाई जा सके।"इस बीच दुर्गापुर पश्चिम के विधायक एवं भाजपा प्रदेश समिति के सदस्य लक्ष्मण घोरुई ने आरोप लगाया कि ये सभी सरकारी राहत का सामान गरीबों के लिए था। उन्होंने कहा कि यह चौंकाने वाली बात है कि पूर्व विधायक ने जानबूझकर महीनों तक असली लाभार्थियों को इससे वंचित रखा ताकि वे अपने करीबी परिवारों के समूह को फायदा पहुंचा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित