भोपाल , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों को अनुकंपा आधार पर संविदा पदों पर दी गई नियुक्तियों में से 160 कर्मियों को नियमित नियुक्ति प्रदान की है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इसे कर्मचारी कल्याण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

ऊर्जा मंत्री ने नियमित किए गए सभी कर्मियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र की विशिष्ट पहचान बनाए रखने में योगदान देंगे।

कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) ने बताया कि दिवंगत कार्मिकों के आश्रितों को मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की अनुकंपा नियुक्ति नीति-2018 एवं संशोधित नीति-2023 के प्रावधानों के तहत संविदा पदों पर नियुक्त किया गया था। वर्ष 2026 की अनुकंपा आधार पर संविदा पदों पर नियुक्त कर्मियों की समकक्ष नियमित पद पर नवीन नियुक्ति योजना के तहत पात्र कर्मियों को नियमित पदों पर नियुक्ति दी गई है।

नियमित किए गए 160 कर्मियों में कार्यालय सहायक श्रेणी-3 प्रशिक्षु के 159 और लाइन परिचारक प्रशिक्षु का एक कर्मी शामिल है। सभी को नियमित पदों पर नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

इन कर्मियों में अनारक्षित वर्ग के 52, अन्य पिछड़ा वर्ग के 78, अनुसूचित जाति वर्ग के 19 और अनुसूचित जनजाति वर्ग के 11 कर्मी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि गत दिनों मध्यप्रदेश ट्रांसमिशन कंपनी ने भी 43 कार्मिकों को नियमित किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित