नैनीताल , मार्च 27 -- नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने लोकसभा में उत्तराखंड के खाली हो चुके 'घोस्ट विलेज' (भूतिया गांव) को पुनः बसाने की मांग उठाई है।
उन्होंने संसद में शून्यकाल के दौरान कहा कि राज्य में 1700 से अधिक गांव पूरी तरह से निर्जन (घोस्ट विलेज) हो चुके हैं। रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में लोगों के पलायन के कारण ये गांव उजड़ गए हैं और अब यहां जंगली जानवरों का विचरण बढ़ गया है।
सांसद ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि जिस तरह सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए वाइब्रेंट विलेज योजना चलाई जा रही है, उसी तर्ज पर मध्य हिमालयी क्षेत्रों के लिए भी विशेष योजना बनाई जानी चाहिए, ताकि पलायन रोक कर इन गांवों में फिर से बसावट हो सके।
उन्होंने इन गांवों के पुनर्वास के लिए विशेष आर्थिक पैकेज और ठोस नीति लागू करने पर जोर देते हुए इसे राज्य और देश के लिए गंभीर विषय बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित